बदायूॅं जनमत। एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति और ससुरालियों पर प्रताड़ना तथा जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बंगस नगला का है। गांव निवासी बिजनेस की 28 वर्षीय पत्नी फूलन देवी की कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने बिजनेस और उसके परिवार पर फूलन देवी को प्रताड़ित करने और जहर देकर मारने का आरोप दोहराया है।
शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के भरतौली गांव निवासी फूलन देवी के भाई अनिल कुमार ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि उनके पिता ने 2014 में फूलन देवी की शादी बिजनेस से की थी। शादी के बाद से ही बिजनेस और उसके ससुराल वाले फूलन को लगातार परेशान करते थे। अनिल ने बताया दो दिन पहले भी इन लोगों के बीच विवाद हुआ था। उन्हें दूसरे गांव के रिश्तेदारों से सूचना मिली, जिसके बाद वे अपनी बहन के घर पहुंचे। वहां फूलन देवी मृत मिलीं, जबकि पति और ससुराल वाले मौके से फरार थे और अपने दो बच्चों को भी साथ ले गए थे।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत हुई है शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

