पटना जनमत। पटना वाले खान सर की गिरफ्तारी हो सकती है, इसके पीछे का मुख्य कारण है फायरिंग! कदमकुआं थाने में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
खान सर के गार्ड्स ने पुलिस को बयान दिया है कि उन्होंने हमें कहा तुम गोली चलाओ बाकी हम देख लेंगे। इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ FIR दर्ज की है। BNS की धारा 109 के तहत ये केस दर्ज किया गया है। इसमें 10 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है। इसमें अग्रिम जमानत भी नहीं मिल सकती है। FIR के बाद खान की कोचिंग पर उनके वकील पहुंचे। इधर, लॉ-एंड-ऑर्डर को लेकर IG ऑफिस में पुलिस की हाई लेवल मीटिंग हुई। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वो किसी कोचिंग सेंटर के बहकावे में ना आएं। वहीं, सैकड़ों की संख्या में स्टूडेंट्स खान सर की कोचिंग के बाहर जुटे और समर्थन में नारेबाजी की। शाम में खान सर की कोचिंग के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी स्टूडेंट्स को कोचिंग परिसर से बाहर किया जा रहा है।
दरअसल, 2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। घटना के दौरान उनके बॉडीगार्ड्स के फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था। मामले में पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।

