HPCL हत्याकांड; मुख्य आरोपी अजय के परिवार के खिलाफ 300 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सीबीजी प्लांट में 12 मार्च को दो अधिकारियों की हत्या के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह और उसके परिजनों के खिलाफ दर्ज तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने करीब 300 पन्नों का आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब इन मामलों में जल्द सुनवाई शुरू होने की संभावना है। पुलिस का दावा है कि सभी मामलों में मजबूत साक्ष्य और गवाहों के आधार पर आरोप पत्र तैयार किया गया है, ताकि आरोपियों को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाई जा सके।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के दो अधिकारियों की हत्या के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह और उसके परिवार की गतिविधियों की गहन जांच शुरू की थी। हत्याकांड के बाद 25 मार्च को दातागंज निवासी और प्लांट कर्मचारी राहुल मिश्रा ने अजय प्रताप सिंह, उसके भाई केशव और चंद्रशेखर सिंह समेत अभय प्रताप सिंह व शिवम प्रताप सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था।
जांच के दौरान सरकारी भूमि पर कब्जा कर बाजार लगवाने और तहबाजारी वसूली करने का मामला भी सामने आया था। इस संबंध में लेखपाल हेम सिंह की तहरीर पर अजय के पिता राजेश सिंह, ताऊ राकेश सिंह और अन्य परिजनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अजय प्रताप, केशव, चंद्रशेखर, अभय और शिवम प्रताप के नाम भी केस में शामिल किए गए। पुलिस ने इस मामले में भी सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।
28 मार्च को सैंजनी गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा कर फार्म हाउस निर्माण कराने के आरोप में एक और केस दर्ज किया गया था। इस मामले में राकेश सिंह, राजेश सिंह, अजय प्रताप सिंह, केशव, चंद्रशेखर और अभय प्रताप सिंह को नामजद किया गया था। पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान, राजस्व अभिलेख और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में भी चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों मामलों में कुल मिलाकर 20 से अधिक गवाह बनाए गए हैं और करीब 300 पन्नों का आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

मुठभेड़ के मामलों की विवेचना अंतिम चरण में…

दोहरे हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह और बाद में अभय प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस मुठभेड़ हुई थी। दोनों घटनाओं में अलग-अलग केस दर्ज किए गए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इन मामलों की विवेचना अंतिम चरण में है और जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं पुलिस आरोपी के ताऊ राकेश सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *