राजकीय महाविद्यालय में ओपन जिम का शुभारंभ, पढ़ाई के साथ-साथ छात्र बनाएंगे सेहत

शिक्षा

बदायूॅं जनमत‌। राजकीय महाविद्यालय के तिरंगा उद्यान में उत्तर प्रदेश सरकार की मेजर ध्यानचंद खेल मिशन के अंतर्गत स्थापित ओपन जिम का उद्घाटन प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने किया। उद्घाटन के अवसर पर प्राचार्य ने विधिवत पूजन, आरती कर उपकरणों का शुभारंभ किया तथा प्रसाद वितरण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग के विभागाध्यक्ष तथा योग प्रशिक्षक डॉ. हुकुम सिंह के निर्देशन में सभी उपकरणों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों ने जिम के उपकरणों पर व्यायाम कर उनकी उपयोगिता का अनुभव भी किया।
प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि यह ओपन जिम महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संवर्धन, शारीरिक दक्षता और खेल भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में सार्थक सिद्ध होगा। महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए पहले से एक इनडोर जिम स्थापित है। नया ओपन जिम विशेष रूप से उन छात्र छात्राओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगा जिनका पीरियड खाली रहता है। उन्होंने बताया कि यह ओपन जिम सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संचालित रहेगा, और छात्र छात्राओं की कक्षा का कोई पीरियड प्रभावित न हो, इसके लिए व्यवस्थित समय-सारणी के अनुसार इसका उपयोग कराया जाएगा। ओपन जिम में वेट फिक्स्ड, बेंच, साइकिल, एब्स बोर्ड सिंगल, डबल चिन-अप, शोल्डर व्हील, सीटिंग एंड स्टैंडिंग ट्विस्टर आदि स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर डॉ राजधन, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. राकेश कुमार जायसवाल, डॉ. गौरव कुमार सिंह, डॉ. दिलीप कुमार वर्मा, डॉ. संजय कुमार, डॉ. प्रेमचंद चौधरी, डॉ. पवन कुमार शर्मा, संजीव शाक्य, सतनाम राजपूत, निखिल सिंह चौहान, पवन कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *