बदायूॅं जनमत। रविवार को एक नाबालिग छात्रा का शव मका के खेत में मिला। किशोरी की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही एक युवक और उसके पिता को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के रामपुर टांडा गांव निवासी शिवानी शनिवार सुबह नागा जूना इंटर कॉलेज से टीसी लेने घर से निकली थी। वह देर शाम तक वापस नहीं आई, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों को कोई सुराग नहीं मिला। शिवानी ने इसी साल इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी।
परिवार ने बताया कि गांव का एक युवक शिवानी को लगातार परेशान करता था। शनिवार सुबह भी युवक की शिवानी से लगभग 20 मिनट फोन पर बात हुई थी। शक के आधार पर परिजनों ने युवक से पूछताछ की। युवक की निशानदेही पर गांव के पास स्थित उसके मक्के के खेत से शिवानी का शव बरामद किया गया।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि युवक और उसके पिता ने मिलकर शिवानी की हत्या की है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चुन्नी से गला कसकर हत्या का आरोप…
बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने जुगेंद्र नामक युवक पर शिवानी की हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि जुगेंद्र ने चुन्नी से गला दबाकर शिवानी की जान ली। इस आरोप के आधार पर पुलिस ने जुगेंद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

