बदायूॅं जनमत। दातागंज निवासी बसपा नेता आतिफ खां जख्मी की दो मंजिला मार्केट पर पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई बताकर प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर से कार्रवाई कर दी। पीडब्ल्यूडी की टीम ने बुलडोजर से मार्केट की 14 दुकानों को ध्वस्त कर दी। इस दौरान भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू की दुकान की सीढ़ियों पर भी बुलडोजर चला। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान दातागंज इंस्पेक्टर भारी फोर्स के साथ मौके पर तैनात रहे। नगर पालिका दातागंज के ईओ और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार भी मौके पर डटे रहे।
बता दें कि जब आतिफ खां ने बसपा ज्वाइन की थी उस दिन भी प्रशासन ने इस मार्केट के कुछ हिस्से पर बुलडोजर की कार्रवाई की थी। जिसके बाद लोगों में रोष व्याप्त हो गया था। अधिकारी बताते हैं कि कई साल पहले यह दुकानें पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थीं। इन अवैध दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई के आदेश पहले ही हो चुके थे, लेकिन फोर्स नहीं मिलने की वजह से कार्रवाई रुकी थी। मंगलवार को फोर्स मिलने पर पीडब्ल्यूडी ने दुकानों को ध्वस्त कर दिया।
सहायक अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि साल 2005 में आतिफ खां ने ये दुकानें बनवाई थीं। नगर पालिका से नक्शा बनवाया गया था, तब नगरपालिका ने उस पर यह लिख दिया था कि पीडब्ल्यूडी की अनुमति भी जरूरी है, पीडब्ल्यूडी से अनुमति लेने के बाद नक्शा मान्य माना जाएगा लेकिन पीडब्ल्यूडी से अनुमति नहीं ली गई थी। आतिफ खां कांग्रेस और सपा में नेता रहे। मौजूदा समय में बसपा के मंडल अध्यक्ष हैं। निर्माण के दौरान नोटिस जारी किए गए थे। अब बुलडोजर कार्रवाई हुई है।
क्या बोले बसपा नेता आतिफ खां…
इस संबंध में बसपा नेता आतिफ खां ने बताया कि वह इस समय दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार आई है तब से हर माह बुलडोजर की कार्रवाई करने की कोशिश की जा रही थी। इस जगह का वर्ष 2005 से सिविल न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है, जिस पर स्टे भी है। उन्होंने बताया कि जब उनके परिवारजनों ने न्यायालय और स्टे के कागज अधिकारियों को दिखाए तो उन्होंने देखने से मना कर दिया। कहा कि हम अंग्रेजी पढ़े नहीं हैं। आतिफ खां का कहना है कि ध्वस्तीकरण के कार्रवाई के दौरान जो भी अधिकारी मौजूद रहे उनके खिलाफ न्यायालय के आदेश की अवहेलना के तहत सजा दिलाने का काम किया जाएगा।


