बदायूँ जनमत। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। उसावां थाना क्षेत्र में ग्राम गौतरा के पास मोटरसाइकिल और इको गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार करीब 20 वर्षीय शिव सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक शिव सिंह अपने घर सखानूं से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ननिहाल ग्राम पिपला जा रहा था। इसी दौरान उसावां थाना क्षेत्र में ग्राम गौतरा के पास सामने से आ रही इको गाड़ी से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से शिव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद उसकी मौत हो गई।
इको चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी…
घटना के बाद इको गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर उसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हेलमेट लगाया होता तो बच सकती थी जान…
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि मोटरसाइकिल चालक ने हेलमेट पहना होता तो संभव है कि सिर में लगी गंभीर चोट से बचाव हो सकता था। हालांकि, हेलमेट होने पर जान बच सकती थी या नहीं, यह चिकित्सकीय जांच के बिना निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता। यह हादसा एक बार फिर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अहमियत को सामने लाता है।

