बदायूॅं जनमत। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नौगवां नसीरनगर में रविवार दोपहर ट्यूबवेल की केबल बदलते समय करंट लगने से 55 वर्षीय रामनिवास की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव नौगवां नसीरनगर निवासी रामनिवास पुत्र प्रेम सिंह रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने ट्यूबवेल की केबल बदलने गए थे। इसी दौरान उनका हाथ बिजली की केबल से छू गया। करंट लगते ही उन्हें जोरदार झटका लगा और वह दूर जा गिरे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामनिवास को लेकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पांच बेटे और एक बेटी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

