बदायूॅं जनमत। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पांचवें दिन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम एवं मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 69 वाहनों के चालान किए गए।
परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने के संबंध में जागरूक भी किया गया।
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

