बदायूॅं जनमत। कस्बा उसहैत की सोत नदी में दस दिन में दूसरा शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पांच या सात दिन पहले का बताया जा रहा है। इसलिए उसकी स्थिति क्षत-विक्षत हो गई है। हालांकि यह स्पष्ट है कि शव किसी युवती का है। जिसने लाल छींटदार सूट पहना हुआ है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में भेजा है। वहीं उसकी शिनाख्त की जा रही है।
जानकारी के अनुसार उसहैत के कच्चा पुल से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर सोत नदी में एक शव पड़े होने की खबर फैली। जिसको सुनकर सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आरबी सिंह भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को सोत नदी बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि शव करीब पांच या सात दिन पहले का है, इसलिए उसकी स्थिति क्षत-विक्षत हो गई है। बता दें कि उसहैत की सोत नदी में दस दिन में यह दूसरा शव मिला है। इससे पूर्व 20 सितंबर को पक्का पुल के करीब सोत नदी में मानसिक रूप से पीड़ित राजेन्द्र का शव बरामद हुआ था। दूसरा शव मिलने से नगर व क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। यहां तक कि लोग इस युवती की हत्या तक के कयास लगा रहे हैं।

उधर उसहैत प्रभारी एसआई ओमपाल सिंह ने बताया कि शव किसी महिला का है जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष है। लम्बाई 5 फिट है और उसने लाल छींटदार सूट पहन रखा है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। 

