बदायूॅं जनमत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलसूत्र पर दिए गए बयान पर सियासी घमासान थम नहीं रहा है। अब सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने प्रधानमंत्री के बयान का जबाब दिया है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी नेता मंगलसूत्र का सम्मान क्या जानें। मंगलसूत्र का सम्मान सोनिया जी जानती हैं, जिन्होंने देश के लिए अपना मंगलसूत्र कुर्बान कर दिया। अपनी सास को भी कुर्बान किया। बीजेपी के लोग तो अपने घरों के मंगलसूत्र नहीं संभाल पा रहे हैं।
सपा नेता शिवपाल अपने बेटे आदित्य यादव के चुनाव प्रचार में अपना दम दिखा रहे हैं। बसपा छोड़ कर सपा में शामिल हुए रचित गुप्ता के आवास पर शिवपाल सिंह ने प्रधानमंत्री के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने बीजेपी के नेताओं पर प्रहार करते हुए कहा कि तुमसे अपने मंगलसूत्र नहीं संभाले जा रहे हैं। मंगलसूत्र का सम्मान तुम क्या जानों, सोनिया जी जानती हैं मंगलसूत्र का सम्मान। उन्होंने देश के लिए अपना मंगलसूत्र कुर्बान कर दिया।
वहीं शिवपाल यादव ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर बीजेपी के इशारे पर टिकट बांटने का आरोप लगाया है। दरअसल बदायूं में लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीति गर्म है। इसी क्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बेटे की जीत के लिए बदायूं के चुनावी रण में डटे हुए है। बता दें उनका बेटा आदित्य यादव पहली बार बदायूं लोकसभा से चुनावी मैदान में है।
