बदायूॅं जनमत। उझानी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किला खेड़ा निवासी 35 वर्षीय व्यापारी गौरव का शव सीवर टैंक में मिला है। गौरव 18 अप्रैल से लापता थे।
गौरव की शादी करीब 10 साल पहले मीराजी चौकी, कोतवाली सदर बदायूं की रहने वाली प्रीति से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मुख्य कारण था खर्चों को लेकर असहमति। प्रीति का खर्च गौरव की कमाई से ज्यादा था। ढाई साल पहले प्रीति और उसके पिता मुन्नीलाल ने गौरव पर दहेज एक्ट में मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसके बावजूद प्रीति पति के साथ रह रही थी। वह लगातार गौरव से खर्चे के लिए पैसे मांगती थी। गौरव अपनी कमाई के अनुसार इतने पैसे नहीं दे पाता था।
18 अप्रैल की शाम को गौरव अपनी दुकान से गायब हो गए। परिजनों ने उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आज राहगीरों ने उनका शव उझानी कस्बे के सीवर टैंक में देखा। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।