बदायूॅं जनमत। फ्यूचर लीडर्स स्कूल बिल्सी में पैरेंट ओरियंटेशन प्रोग्राम शीर्षक के तहत एक महत्वपूर्ण अभिभावक अभिमुखीकरण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी परीक्षाओं की तैयारी और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर गहन चर्चा करना था।
बैठक में परीक्षा के तनाव को कम करने और बेहतर परिणाम लाने के लिए कई रणनीतियों पर बात हुई, जैसे कि समय प्रबंधन, पाठ्यक्रम की सही योजना बनाना और स्वस्थ दिनचर्या का पालन करना। शिक्षकों ने छात्रों को एकाग्रता बढ़ाने और नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में अभिभावकों की भूमिका पर भी जोर दिया गया। उन्हें सलाह दी गई कि वे बच्चों की मानसिक और शारीरिक भलाई का ध्यान रखें ताकि वे परीक्षा के समय तनावमुक्त रह सकें।
छात्रों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए खेल, कला और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के महत्व पर भी चर्चा की गई। विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा “बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद बहुत आवश्यक है।” एम.डी. राहुल कुमार सिंह ने कहा कि यह बच्चों की कमियों को दूर कर उन्हें विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए शिक्षक और अभिभावक के बीच विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान जूनियर कॉर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कॉर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री प्राइमरी कॉर्डिनेटर राखी गुप्ता और अन्य शिक्षकों के साथ-साथ विद्यालय प्रशासन के कई महत्वपूर्ण सदस्य उपस्थित थे।

