बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज की उपलब्धि; पहली बार ब्रोंकोस्कोपी द्वारा फेफड़ों की जांच

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। राजकीय मेडिकल कॉलेज के इतिहास में चिकित्सा सेवाओं का एक नया अध्याय जुड़ गया है। यहां पहली बार फेफड़ों की जांच के लिए अत्याधुनिक तकनीक ब्रोंकोस्कोपी का सफल प्रयोग किया गया। इस प्रक्रिया का नेतृत्व टीबी एवं चेस्ट विभाग के सहायक आचार्य डा. विपिन कुमार ने किया। ब्रोंकोस्कोपी के माध्यम से एक मरीज के फेफड़ों और श्वासनली की जांच की गई। इस दौरान बलगम एवं तरल पदार्थ का नमूना लेकर संक्रमण की सटीक जानकारी प्राप्त की गई, जिससे समय पर और प्रभावी इलाज सुनिश्चित हुआ। यह तकनीक लंग कैंसर की पुष्टि हेतु बायोप्सी लेने में भी विशेष उपयोगी मानी जाती है।

विभागाध्यक्ष डा. कोमल ने इस उपलब्धि पर विभाग की सराहना करते हुए कहा कि “यह मेडिकल कॉलेज के लिए गर्व की बात है और मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।” इस उपलब्धि में डा. विपिन कुमार के साथ-साथ डा. सुशान बनर्जी, डा. रोहित तथा नर्सिंग टीम से दीपक कुमार की भी सराहनीय भूमिका रही।
इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. अरुण कुमार ने कहा कि “संस्थान लगातार चिकित्सा सुविधाओं को उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। ब्रोंकोस्कोपी जैसी तकनीक के सफल उपयोग से न केवल मरीजों को सटीक जांच व इलाज मिलेगा, बल्कि मेडिकल कॉलेज की पहचान भी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।”
यह पहली बार है जब जिले के किसी भी अस्पताल में इस तरह की जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब मरीजों को इस प्रक्रिया के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *