बदायूं में दो पक्षों में खूनी झड़प; 41 पर FIR, 10 गिरफ्तार, सरिया और लाठी-डंडों से किया हमला

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 41 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ादास निवासी सुमित सिंह पुत्र अवनेश सिंह अपने परिवार के साथ ट्रैक्टर से धान की निकासी कर लौट रहे थे। गांव के बाहर आलोक चौहान की चक्की के पास श्रीपाल और प्रेमशंकर के पुत्रगण सहित करीब 40 से अधिक लोग हथियारों के साथ उनके सामने आ गए। आरोपियों ने तमंचे, पिस्टल, फरसे, तलवार, सरिया और लाठी-डंडों से हमला किया। जब चन्दौसी से आ रहे सोनू पुत्र मुनीश और उनके रिश्तेदार संजीव ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो उन्हें भी पीटा गया। कुछ हमलावर धर्मपाल सिंह के घर में घुस गए और वहां से हरीराज पुत्र बलवीर व अन्य ग्रामीणों को बाहर खींचकर उन पर हमला किया। मौके पर बीच-बचाव के लिए आए युवक प्रत्युप पुत्र ओमवीर को भी पीटा गया।
हमले में सुमित, प्रदीप उर्फ शिवओम, जगतपाल, रजत, प्रत्युप सहित कई लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ बेहोश भी हो गए थे। गांव के प्रधान के पति योगेश उर्फ सीधे भी हमलावरों में शामिल थे। आरोपियों में से विनोद ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग भी की।
पुलिस ने घटना की तहरीर के आधार पर 41 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। छापेमारी के दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी और हिंसा में शामिल अन्य व्यक्तियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *