बदायूं में फिर लूट; बाइक सवार से दो लाख नकदी और मोबाइल लूटने का दावा, पुलिस ने बताया संदिग्ध

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। जिले में एक और लूट होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है। आरोप है मंगलवार रात बाइक सवार एक शख्स से असलहों के बल पर करीब दो लाख रुपये और मोबाइल की लूट हुई है। घटना कोतवाली दातागंज इलाके में बरेली रोड पर कमा और धनौरा गांव के बीच हुई है।
जानकारी के अनुसार, बरेली के भमोरा निवासी धर्मेंद्र यादव अपनी बाइक से कमा गांव स्थित अपनी ससुराल आ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके पास करीब दो लाख रुपये नकद थे। रास्ते में बदमाशों ने असलहों के बल पर उनकी बाइक रुकवा ली। इसके बाद बदमाशों ने धर्मेंद्र के पास रखी नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित धर्मेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कोतवाली दातागंज पुलिस के साथ सीओ राहुल पांडेय और एसपी सिटी अभिषेक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित का बयान दर्ज किया और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़ित से बातचीत हुई है, लेकिन उसकी बातों में कुछ बिंदुओं पर विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *