बदायूॅं जनमत। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े एक आंगनवाड़ी कार्यकत्री से ढाई लाख रुपये के गहनों की ठगी हो गई। शातिर ठग महिला के कुंडल और अंगूठी लेकर फरार हो गए और उन्हें एक रुमाल में पत्थर बांधकर थमा गए। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है।
शहर के मोहल्ला पटियाली सराय निवासी 50 वर्षीय सुखरानी, जो वजीरगंज थाना क्षेत्र में आंगनवाड़ी कार्यकत्री हैं, इस ठगी का शिकार हुई हैं। गुरुवार दोपहर को सुखरानी अपनी सहेली के पोते के जन्म पर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंदिरा चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल गई थीं। वहां से उनके पति प्रमोद और बेटी अंशिका स्कूटी से घर लौट गए, जबकि सुखरानी कुछ खरीदारी करने के बाद पैदल घर लौटने की तैयारी में थीं। इसी दौरान इंदिरा चौक के पास दो युवक उनके पास आए और कासगंज जाने का रास्ता पूछने लगे। सुखरानी ने उन्हें रोडवेज बस स्टैंड का रास्ता बताया। एक युवक ने उनसे किराए के पैसे मांगे, जिसे सुखरानी ने देने से मना कर दिया।
इसके बाद दोनों शातिर युवकों ने कथित तौर पर सुखरानी को सम्मोहित (हिप्नोटाइज) कर पास की एक गली में ले गए। वहां उन्होंने सुखरानी की अंगूठी और कुंडल उतरवा लिए। गहनों को एक रुमाल में बांधने का नाटक कर, उन्होंने रुमाल में कुछ पत्थर रख दिए और सुखरानी को थमाकर मौके से फरार हो गए।
कुछ कदम आगे चलने पर जब सुखरानी की चेतना लौटी, तो उन्होंने रुमाल खोलकर देखा। रुमाल में पत्थर देखकर वह दंग रह गईं। उन्होंने तुरंत अपने पति को फोन कर बुलाया और आसपास के इलाके में ठगों की तलाश की, लेकिन वे तब तक दूर निकल चुके थे। सुखरानी के अनुसार, ठगे गए जेवरात की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

