बदायूॅं जनमत। जरीफनगर थाने की चौकी दानपुर के इंचार्ज धर्मवीर सिंह को बरेली एंटी करप्शन टीम ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। वह शिकायतकर्ता से अनुसूचित जाति के एक मामले की शिकायत के निस्तारण को लेकर रिश्वत मांग रहे थे। एंटी करप्शन टीम चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक धर्मवीर सिंह को मुजरिया थाने ले गई। जहां उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी पंजीकृत कराई गई है। एंटी करप्शन टीम आरोपित उपनिरीक्षक को शुक्रवार को जेल भेजेगी। वहीं जिले में सात माह में पांच पुलिस कर्मी गिरफ्तार किये जा चुके हैं। जरीफनगर थाने का यह दूसरा मामला सामने आया है।
