बदायूं में डीएम और केंद्रीय मंत्री के सामने नाश्ता मांगने वाले लेखपाल को मिला नोटिस, हो सकती है सेवा समाप्त

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत। ज्वाइनिंग लेटर मिलने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री और डीएम के सामने अनुशानहीनता करने वाले लेखपाल की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लेखपाल को अनुशासनहीनता करने का दोषी मानते हुए नोटिस जारी कर दिया। दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न देने पर लेखपाल पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जा सकती है। लेखपाल ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री और डीएम के समक्ष नाश्ता नहीं मिलने की शिकायत की थी।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा और डीएम मनोज कुमार ने जनपद में नव चयनित 110 लेखपालों को नियुक्ति पत्र बांटे थे। इनमें शामिल महेंद्र सिंह की पोस्टिंग सदर तहसील क्षेत्र के गांव रियोनइया में करते हुए लेखपाल पद का नियुक्ति पत्र दिया गया। नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री और डीएम के सामने नाश्ता रखा था। इसी बीच महेंद्र सिंह उनके समक्ष पहुंच गए और कहने लगे कि आप पक्षपात करते हुए स्वयं नाश्ता कर रहे हैं हमें नहीं दे रहे हैं और हमसे निष्पक्ष काम करने की अपेक्षा कर रहे हैं। लेखपाल के आचरण को देखते हुए डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते लेखपाल को अपने स्थान पर बैठने को कहा। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री और डीएम वहां से चले गए।
डीएम के आदेश पर एसडीएम सदर एसपी वर्मा ने लेखपाल से जवाब तलब किया है। लेखपाल को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर जवाब मांगा है। जवाब न देने या जवाब संतोषजनक न होने पर लेखपाल पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सदर एसपी वर्मा ने बताया कि लेखपाल को अनुशासनहीनता करने पर सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में नोटिस का जवाब न देने या संतोषजनक जवाब न देने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *