बदायूॅं जनमत। गुरुवार दोपहर बाद एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक बुजुर्ग सब्जी विक्रेता पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना मुजरिया थाना क्षेत्र के ज्योरा गांव की है। रामपाल (45) गुरुवार दोपहर भैयादूज पर आई अपनी बहन को बस पर छोड़ने गए थे। बताया जाता है कि लौटते समय गांव के बाजार में आलू बेच रहे एक बुजुर्ग से उनकी कहासुनी हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के बाद बुजुर्ग आलू विक्रेता ने रामपाल के साथ मारपीट की, जिसके सदमे और चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएचओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामपाल पिछले 10 साल से टीबी की बीमारी से ग्रसित थे। घर आकर बीड़ी पीने के दौरान उनकी अचानक मौत हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर कोई बाहरी चोट का निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

