बदायूॅं जनमत। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर खेरू गांव में बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर के सामने खेल रही तीन वर्षीय बच्ची महिरा पुत्री मुहम्मद आसिफ को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। इस हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार महिरा अपने घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान, गांव से दूध लेकर जाने वाली एक पिकअप गाड़ी ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सहसवान कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

