बदायूं में भाजपा नेता पर हुआ हमला; SSP ने लिया एक्शन, दरोगा समेत तीन निलंबित, चार आरोपी गिरफ्तार

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। भाजपा मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमला हुआ है‌। इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने एक दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। घायल भाजपा मंडल अध्यक्ष का इलाज जिला अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
घटना मंगलवार रात सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के डीएम रोड स्थित संतोष सिंह तिराहे पर हुई। भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने दो गुटों के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव का प्रयास किया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोपाल शर्मा ने बताया कि नेकपुर निवासी आदित्य यादव और आदर्श नगर निवासी मयंक सक्सेना के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो रही थी। जब उन्होंने बीच-बचाव किया, तो आदित्य यादव और उसके साथियों हर्षित गुप्ता, ऋषभ यादव, आयुष दीक्षित तथा 5-6 अज्ञात युवकों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट और हमले की सूचना सिविल लाइंस पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा और पुलिसकर्मियों को दी गई थी, लेकिन उन्होंने लापरवाही बरती। इस पर एसएसपी ने दरोगा भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल सोवेंद्र बैसला और अंकुर कुमार अधाना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस ने मयंक सक्सेना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चारों नामजद आरोपियों आदित्य यादव, आयुष दीक्षित, ऋषभ यादव और हर्षित गुप्ता को नेकपुर रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से एक चाकू भी बरामद किया गया है। अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।

जिला अस्पताल में भर्ती भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *