बदायूं में पूर्व विधायक के बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, मुंबई की युवती ने लगाए थे गंभीर आरोप

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। उसहैत विधानसभा से बसपा के विधायक रहे हाजी मुस्लिम खां के बेटे अबुजर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। मुंबई की युवती ने अबुजर पर गला घोंटकर हत्या की कोशिश और जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि अबुजर ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने जाल में फंसाया। उसके साथ एक साल तक लिव-इन में रहा।
पुलिस ने मूलरूप से मुंबई निवासी युवती की तहरीर पर अलापुर थाने में दर्ज किया है। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान अबुजर खान से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि अबुजर लगभग दो माह तक मुंबई में युवती के साथ रहा और शादी का झांसा दिया। इस दौरान दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। चार अगस्त की रात अबुजर ने युवती को फोन कर अपने घर बुलाया था।
युवती का आरोप है कि वहां पहुंचने पर अबुजर ने उसके गले में पड़े दुपट्टे से गला कसकर जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद उसने जबरन युवती के मुंह में जहरीला पदार्थ डाल दिया। इससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर युवती के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। उसके रिश्तेदारों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई थी।
सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *