बदायूॅं जनमत। जिले की तेज तर्रार एसएसपी अंकिता शर्मा ने मंगलवार को बड़ा फेरबदल किया है। इस दौरान 11 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इनमें एक इंस्पेक्टर और दो उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि पहले लाइन हाजिर किए गए एक निरीक्षक को नई जिम्मेदारी दी गई है।
फैजगंज बेहटा थाने में तैनाती के दौरान लूट की घटना को दबाने और अधिकारियों को गुमराह करने के आरोप में लाइन हाजिर हुए निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा को अब पुलिस लाइन से हटाकर प्रभारी मॉनीटरिंग सेल बनाया गया है। उनके स्थान पर प्रभारी मॉनीटरिंग सेल रहे निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सागर को प्रभारी समन सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक देवेंद्र सिंह को प्रभारी समन सेल से पुलिस लाइन भेजा गया है। निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर को पुलिस लाइन से प्रभारी आरटीसीसी नियुक्त किया गया है। वहीं, निरीक्षक अवधेश कुमार मिश्रा को थाना बिनावर में निरीक्षक अपराध का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं उपनिरीक्षक अजयपाल सिंह को प्रभारी यूपी-112 से यातायात निरीक्षक बनाया गया है। उपनिरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह को प्रभारी जनपदीय अंगुली चिन्ह इकाई से प्रभारी यूपी-112 नियुक्त किया गया है। उपनिरीक्षक लल्लू राम को प्रभारी विधि प्रकोष्ठ से प्रभारी जनपदीय अंगुली चिन्ह इकाई भेजा गया है। उपनिरीक्षक ललित गिरी को पुलिस लाइन से न्यायालय सुरक्षा में तैनाती मिली है।
इसके अतिरिक्त, उपनिरीक्षक हरी मोहन को चौकी नूरपुर पिनौनी, थाना इस्लामनगर से पुलिस लाइन भेजा गया है। उपनिरीक्षक दीनानाथ मौर्य को प्रभारी आरटीसीसी से पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है।


