बदायूॅं जनमत। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस का आयोजन राजकीय मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग कॉलेज में प्रेरणादायक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आधुनिक नर्सिंग की जनक ‘फ्लोरेंस नाइटिंगेल’ को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. अरुण कुमार रहे। उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन तथा वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी सुनीता देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवासन, उप-प्रधानाचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार गुर्जर एवं समस्त संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में किया गया। बीएससी नर्सिंग छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक रीढ़ हैं। जिनकी सेवा, समर्पण एवं संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने नर्सिंग छात्रों को सेवा, अनुशासन एवं मानवीय मूल्यों के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. विपिन ने स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी सुनीता देवी ने अपने नैदानिक अनुभव साझा करते हुए नर्सिंग पेशे की चुनौतियों एवं गौरवपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया। जिसमें एसएनएन खेल सप्ताह, पोषण सप्ताह एवं संविधान दिवस प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त नर्सिंग छात्रों द्वारा एकल, युगल एवं समूह नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।

