फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी; बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सार्थक संवाद

शिक्षा

बदायूॅं जनमत‌। बिल्सी नगर में बदायूं रोड स्थित फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय था “एक साथ मजबूत भविष्य का निर्माण।” कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षाओं के परिणामों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रत्येक शिक्षक ने अभिभावकों को अपने-अपने बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, नियमितता और गृहकार्य के प्रति जिम्मेदारी की जानकारी दी।
छात्रों की कमजोरियों को पहचानकर सुधार के ठोस सुझाव साझा किए गए। शिक्षकों ने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे घर पर बच्चों के लिए अध्ययन-अनुकूल माहौल तैयार करें और उनके मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर समान रूप से ध्यान दें।
सर्वांगीण विकास पर विशेष बल बैठक में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा “बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच खुला संवाद अत्यंत आवश्यक है। यही संवाद शिक्षा की वास्तविक कुंजी है और इस तरह की बैठकें विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होती हैं।”
विद्यालय के एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि केवल रिपोर्ट कार्ड देखने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चे के संपूर्ण व्यक्तित्व को समझने का माध्यम है। शिक्षकों और अभिभावकों के विचार-विमर्श से ही बच्चे की कमजोरियां दूर होकर उसकी क्षमताएं निखरती हैं। संगोष्ठी का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जहां अभिभावकों ने शिक्षकों से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की बैठकों से उन्हें अपने बच्चों की शिक्षा और विकास को और गहराई से समझने में मदद मिलती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “विद्यालय और अभिभावकों के बीच सतत संपर्क ही बच्चों की प्रगति का आधार है। हम मिलकर ही उनके भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।”
इस अवसर पर जूनियर कोऑर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कोऑर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर राखी गुप्ता सहित रूबी मौर्य, मनीष शर्मा, प्रशांत सिंह, विशेष चौहान, दीक्षा वार्ष्णेय, सिदरा खान, साक्षी गुप्ता, रागिनी मिश्रा, टिंकल जैन, ऐश्वर्या महेश्वरी, प्रीति श्रीवास्तव, विश्व दीपक शर्मा, अंजली सिंह, साक्षी सिंह, तनुष्का महेश्वरी, विदित राघव, शिवानी सिंह, नाहिद सैफी, श्रुति कीर्ति, अफ्शीन सिद्दीकी, काजल राठौर, प्रिया सैनी, रश्मि शर्मा, निकिता गुप्ता, अर्शी सैफी, तैयबा फातिमा, शालिनी शर्मा और आकांक्षा गौतम सहित सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *