बदायूॅं जनमत। शुक्रवार देर शाम मथुरा-बरेली हाईवे पर एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना कोतवाली उझानी क्षेत्र में कछला के पास हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन का टायर पंक्चर होने के कारण वह सड़क किनारे खड़ा था और एक मैकेनिक उसे ठीक कर रहा था। इसी दौरान लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही अपाचे बाइक पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान कछला के मुरावन नगला गांव निवासी किशनपाल (20) पुत्र धर्मपाल और उसके भांजे सूरजपाल (36) पुत्र मैकूलाल निवासी गांव सिरासौल, थाना बिल्सी के रूप में हुई है। बाइक पर उनके साथ मुरावन नगला का केशव पुत्र सुरेश भी सवार था।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उझानी सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सूरजपाल और किशनपाल को मृत घोषित कर दिया। केशव की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी सीएचसी पहुंच गए।


