बदायूं में कार को बचाने में बेकाबू हुई रोडवेज बस; पुलिया की रेलिंग पर चढ़ी, यात्रियों में चीख पुकार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उझानी क्षेत्र में मथुरा डिपो की रोडवेज बस दूसरे वाहन को बचाने के प्रयास में बेकाबू हो गई। बस का अगला हिस्सा सड़क किनारे पुलिया की रेलिंग पर चढ़ गया। गनीमत रही कि बस नीचे नहीं पलटी। किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी। हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर वितरोई मोड़ के पास अल्लीपुर की पुलिया पर हुआ।
मथुरा डिपो की रोडवेज बस रविवार दोपहर में मथुरा से बरेली के लिए जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। वितरोई मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे यात्रियों में चीख- पुकार मच गई। उन्होंने नीचे उतर देखा तो बस का अगला हिस्सा पुलिया की रेलिंग पर चढ़ गया था। चालक बस से कूद कर भाग गया। महिला परिचालक की सूचना के बाद मौके पर पुलिसकर्मी पहुंच गए।
परिचालक ने पुलिस को बताया कि सामने से अचानक ही कार आ जाने के बाद चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, उसी समय बस बेकाबू हो गई। हादसे में किसी भी यात्री के चोट नहीं आई है। यात्री बदायूं में कबूलपुरा निवासी जाहिद ने बताया कि बस रेलिंग पर चढ़ने के बाद नहीं रूकती तो वह पुलिया के नीचे गहरी खाई में गिर जाती। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं। पुलिस और महिला परिचालक ने रोडवेज की दूसरी बस से यात्रियों को बदायूं और बरेली तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई। बाद में बस को क्रेन की मदद से पीछे हटाया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *