बदायूं में गंधक पोटाश पीसते समय धमाका; बड़ा हादसा टला, एक ही परिवार के चार झुलसे

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। गंधक और पोटाश पीसते समय हुए धमाके में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। इनमें तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के नगला शाहाबाद गांव में हुई। गांव निवासी प्रदीप (25) पुत्र नाथू लाल अपने घर के अंदर पटाखों में इस्तेमाल होने वाला पाउडर तैयार करने के लिए गंधक और पोटाश पीस रहे थे। इसी दौरान घर्षण के कारण अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की खिड़कियां भी हिल गईं। धमाके की चपेट में प्रदीप की पांच साल की बेटी सुहानी, विनीत के चार साल का बेटा रितिक और दस साल का बेटा अनुज आ गए, जो पास ही खेल रहे थे। धमाका सुनते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और लोग मौके पर पहुंचे। परिवार वालों ने सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार, प्रदीप के हाथ और चेहरे पर चोटें आई हैं, जबकि बच्चों को हाथ, पीठ और चेहरे पर आंशिक झुलसन हुई है। रितिक की आंखों में जलन और धुंधलेपन की शिकायत है, जिस पर डॉक्टर विशेष निगरानी रख रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि त्योहारों का समय होने के कारण कई घरों में पटाखों का पाउडर तैयार किया जा रहा है। आशंका है कि यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और एक टीम गांव में पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *