न्यू होप्स पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल ककराला में धूमधाम से मनाई गई सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती

शिक्षा

बदायूॅं जनमत‌। न्यू होप्स पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल ककराला में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती बड़े ही उत्साह और गर्व के साथ मनाई गई। पूरे विद्यालय का वातावरण देशभक्ति और एकता के रंग में रंग गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विशेष सभा के साथ हुई, जहां छात्रों और स्टाफ ने मिलकर “राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ” ली। सभी ने दृढ़ संकल्प के साथ यह प्रतिज्ञा की कि वे देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए सदैव समर्पित रहेंगे और समाज में एकता का संदेश फैलाएंगे।
इसके बाद विद्यालय परिसर में “रन फॉर यूनिटी” (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। यह दौड़ इस बात का प्रतीक थी कि जब देश का हर नागरिक एक साथ आगे बढ़ता है, तो राष्ट्र और अधिक सशक्त बनता है। बच्चों के चेहरे पर देशभक्ति और गर्व का जोश देखने लायक था। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भूराज सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और निस्वार्थ सेवा भाव से देश को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि एकता सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जो हर भारतीय को निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के एमडी अयान खान ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सच्ची एकता तभी संभव है जब हम एक-दूसरे का सम्मान करें, साथ मिलकर काम करें और अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए ईमानदारी, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *