बदायूॅं जनमत। मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक बरेली जिले के निवासी है।
घटना कोतवाली दातागंज क्षेत्र में बरेली-दातागंज रोड पर हुई। बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी इलाके के गांव कजरौटा निवासी नन्हेंलाल (60) अपने भतीजे रिंकू के साथ बाइक से किसी काम से दातागंज आ रहे थे। रास्ते में समरेर इलाके के पास उनकी बाइक को एक स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चाचा-भतीजा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने नन्हेंलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं रिंकू का इलाज जारी है। दातागंज के एसएचओ वेदपाल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। स्कॉर्पियो का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

