बदायूॅं जनमत। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुन्ना लाल सागर के संयुक्त नेतृत्व में नई दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। बीएलए 1 ओमकार सिंह ने कहा दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके पर अब राजनीति शुरू हो गई है। लाल किले के पास हुए भीषण कार बम धमाके को केंद्र की मोदी सरकार की सुरक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी नाकामी बताया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल इस्तीफे की मांग की। ओमकार सिंह ने इसे 26/11 मुंबई हमलों के बाद की याद दिलाते हुए कहा कि उस वक्त कांग्रेस सरकार के गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए 30 नवंबर 2008 को पद छोड़ दिया था।
ओमकार सिंह ने कहा “धमाके से पहले विस्फोटकों से लदी कार पूरे 11 घंटे तक राजधानी में बेखौफ घूमती रही। यह सीधी तौर पर केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, क्योंकि दिल्ली पुलिस सीधे गृह मंत्रालय के अधीन है।” उन्होंने कहा एलएनजेपी अस्पताल में घायलों की आंखों में अब भी दहशत साफ दिख रही है। एआईसीसी सदस्य निवर्तमान प्रदेश सचिव एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुन्ना लाल सागर ने कहा कि 2015 से 2025 तक बारामूला, पहलगाम, पुलवामा, राजौरी, उरी, पठानकोट, गुरदासपुर, पंपोर, अमरनाथ यात्रा और अब दिल्ली तक, यह सिलसिला मोदी सरकार की सुरक्षा नीतियों की पोल खोलता है। पूर्व शहर अध्यक्ष असरार अहमद, गौरव सिंह राठौर, इखलास एवं अकिल अहमद ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा मुआवजे की घोषणा पर आपत्ति जताई। शहर उपाध्यक्ष जाहिद सिद्दीकी ने संचालन किया।
इस दौरान रहीस फौजी, अख्तर, उपेंद्र कश्यप, नरेश पाल शर्मा, रीना, काजल, आयशा बी, सितारा, रेहाना, सविता, फरीद, हसन, श्याम सिंह आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।

