बदायूॅं जनमत। अलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक दलित महिला से तमंचे की नोक पर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना 1 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10 बजे हुई। उस समय पीड़िता का पति खेत में धान की फसल उठाने में व्यस्त था। उसकी पत्नी घर में सो रही थी। इसी दौरान गांव का निवासी दीवार फांदकर घर में घुस आया। उसने खाट पर सो रही महिला पर तमंचा तान दिया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर सो रहे उसके बेटे और बेटी जाग गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल बढ़ता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।

