बदायूं में सभासद के नाबालिग भतीजे को गोली मारी; क्रिकेट के दौरान हुआ था झगड़ा, ट्रामा सेंटर रेफर

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। बुधवार रात एक नाबालिग लड़के को उसके दो दोस्तों ने गोली मार दी। घटना के पीछे क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लड़के को हायर सेंटर रेफर किया गया है। वह स्थानीय सभासद का भतीजा है।
घटना कोतवाली दातागंज क्षेत्र के कांसपुर रोड के पास हुई। दातागंज के वार्ड संख्या 15 के सभासद सुरेश माथुर के भतीजे वैभव (16 वर्ष) पुत्र विपिन ने सुबह अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेला था। परिजनों के अनुसार, खेल के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसे उस समय मौजूद लोगों ने शांत करा दिया था। बताया जा रहा है कि शाम को उसी विवाद की रंजिश में वैभव के दो दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। कांसपुर रोड पर एक सुनसान जगह पर ले जाकर उन्होंने वैभव पर गोली चला दी। गोली वैभव के पेट में लगी और छर्रे भी पेट समेत आसपास के हिस्सों में धंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने घायल वैभव को तुरंत दातागंज सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी सुधार न होने पर उसे हायर सेंटर भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान युवकों में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद रंजिश में युवक को गोली मारी गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *