बदायूॅं जनमत। एक गांव में कक्षा नौ की छात्रा को घर बुलाकर युवक ने दुष्कर्म किया। उसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर आरोपी कई महीनों तक दुष्कर्म करता रहा। जब वह पांच महीने की गर्भवती हो गई तो वह गुमसुम रहने लगी।
मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़ित छात्रा ने अपने परिजनों को पूरा मामला बताया। इसके बाद पीड़ित ने थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। इसी दौरान आरोपी ने अपने बिरादरी को बुलाकर पंचायत बुला ली। जहां तय हुआ कि उसका गर्भपात कराके उसकी शादी अच्छी जगह आरोपी का परिवार करेगा। इसके बाद बगरैन कस्बे में ले जाकर उसका गर्भपात करा दिया। छात्रा की शादी 40 के व्यक्ति के साथ तय कर दी। यह देख परिवार के लोगों ने शादी करने से मना दिया और एसएसपी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले से अवगत कराया। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
बहला-फुसलाकर ले गया भोला…
पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी कक्षा नौ में पढ़ती है। पड़ोसी युवक सोमवीर उर्फ भोला बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था। आरोप है कि उसने किशोरी को डरा-धमकाकर कई महीनों तक दुष्कर्म किया। आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी, जिसके कारण किशोरी डरकर चुप रही। कुछ समय बाद जब लड़की गुमसुम रहने लगी, तो परिजनों ने उससे पूछताछ की। 19 सितंबर को बिसौली में कराए गए अल्ट्रासाउंड में किशोरी पांच महीने छह दिन की गर्भवती पाई गई।
एसएसपी ने दिए एफआईआर के आदेश…
इसके बाद, किशोरी की शादी वजीरगंज क्षेत्र के बधौल गांव में 40 वर्षीय एक व्यक्ति से तय कर दी। पंचायत ने परिवार को बताया कि शादी पर 1.70 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। जब पिता ने बेटी की नाबालिग उम्र का हवाला देकर शादी से इनकार किया, तो पंचायत और आरोपी पक्ष ने उन्हें गांव से निकालने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने बिसौली थाने में शिकायती पत्र दिया और सात नवंबर को ऑनलाइन शिकायत भी की। लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद एसएसपी को शिकायती पत्र दिया जिसके बाद उन्होंने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

