बदायूं में वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत; दो साथी गंभीर घायल, बारात से लौट समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ओवरब्रिज स्थित संतोष सिंह तिराहे पर देर रात हुआ। नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड छह निवासी नितिन प्रताप सिंह (22) अपने दो साथियों, वार्ड छह निवासी नीलेश और वार्ड नौ निवासी उवैश के साथ खुनक गांव से आई एक बारात में शामिल होने गए थे। बारात में दावत खाने के बाद तीनों एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे संतोष सिंह तिराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नितिन प्रताप सिंह, नीलेश और उवैश सड़क पर गिर गए। इसी दौरान, वाहन नितिन प्रताप सिंह को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने नितिन प्रताप सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नीलेश और उवैश को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। पिता ऋषि पाल की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *