जनमत एक्सप्रेस। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का निधन हो गया। M/s VSR Ventures Pvt. Ltd. के इस Learjet 45 (VT-SSK) विमान ने 28 जनवरी 2026 की सुबह मुंबई से बारामती के लिए उड़ान भरी थी। हैरानी की बात यह है कि विमान की कमान बेहद अनुभवी पायलट के हाथ में थी, जिनका उड़ान अनुभव 15,000 घंटों से अधिक था। को-पायलट भी 1,500 घंटे का अनुभव रखते थे। इसके बावजूद बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे से ठीक पहले क्या हुआ..?
सुबह 08:18 बजे विमान का बारामती से पहला संपर्क हुआ, दृश्यता (Visibility) कम होने के कारण पायलट को रनवे 11 नजर नहीं आया जिसके बाद उन्होंने ‘गो-अराउंड’ (दोबारा चक्कर लगाना) किया। दूसरी कोशिश में पायलट ने रनवे दिखने की पुष्टि की, सुबह 08:43 बजे लैंडिंग की अनुमति दी गई, लेकिन पायलट की ओर से कोई जवाब नहीं आया। ठीक एक मिनट बाद, 08:44 बजे रनवे के पास आग की लपटें देखी गईं।
जांच के घेरे में ‘दृश्यता’ और ‘तकनीकी चूक’
विमान का एयरवर्थनेस सर्टिफिकेट सितंबर 2026 तक वैध था। ऑपरेटर के पास 17 विमानों का बेड़ा है।हालांकि, इसी ऑपरेटर के एक अन्य विमान का मामला पहले से ही AAIB की जांच में है। फिलहाल मलबा रनवे के बाईं ओर मिला है, जिससे यह संकेत मिलता है कि लैंडिंग के अंतिम क्षणों में विमान अनियंत्रित हुआ था।
कहां जा रहे थे अजित पवार..?
अजित पवार बुधवार को जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चल रहे चुनावों के बीच जनसभा में शामिल होने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। उनका विमान बारामती के पास लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। बताया जा रहा है कि विमान बारामती के एक एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान कंट्रोल से बाहर हो गया और क्रैश हो गया। क्रैश के बाद विमान में आग लग गई। अजित पवार और दो क्रू मेंबर समेत कुल छह लोग प्लेन में सवार थे। जानकारी के अनुसार, विमान में सवार कोई भी व्यक्ति इस दुर्घटना में जीवित नहीं बचा है।
कौन थे अजित पवार.?
अजित पवार महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम थे। उनकी उम्र 66 साल थी। अजीत पवार महाराष्ट्र के अनुभवी राजनेता और एनसीपी के संस्थापक शरद पवार के भतीजे थे। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस (मुख्यमंत्री) और एकनाथ शिंदे (उपमुख्यमंत्री) के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।

