यूपी जनमत। भदोही जिले के औराई थानाक्षेत्र में एक दुर्गा पूजा के पंडाल में आग लगने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है, जबकि हादसे में 64 अन्य लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सोमवार को बताया कि औराई थाने से 100 मीटर दूर नरथुआ गांव में एक पूजा समिति के पंडाल में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे भीषण आग लग गई थी. हादसे में दो महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई. वहीं, 64 अन्य लोग घायल हो गए जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया, ‘भदोही दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. तीन बच्चों और दो महिलाओं की मौत हो गई है. कम से कम 64 घायल हैं.’
गौरांग राठी ने पुष्टि की कि हादसे में तीन बच्चों (12, 10 और 8 वर्ष की आयु) और दो महिलाओं (45 और 48 वर्ष की आयु) की जान चली गई. घटना के बाद, लगभग 55 लोगों को शुरू में अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 22 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
जिलाधिकारी राठी ने बताया कि घटना की जांच के लिए अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एडीजी) राम कुमार ने एक विशेष जांच दल का गठन किया है।


