छह साल बाद उतरा लव मैरिज का भूत; बोला- पत्नी कहती है नीले ड्रम में भरवा दूंगी, जूते से मारती है, पति ने आग लगाई

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले में पत्नी से परेशान होकर एक पति ने सुसाइड की कोशिश की। शरीर पर केरोसिन छिड़कर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पति ने बताया- पत्नी उसके साथ मारपीट करती, जूते से पिटाई करती। आए दिन वह उसे मारकर नीले ड्रम में भरवाने की धमकी दे रही थी। उसकी शिकायत को फर्जी मानकर पुलिस भी उसी के साथ अभद्रता करती। इसके चलते उसने जान देने की कोशिश की।
घटना वजीरगंज कस्बे के वार्ड संख्या-10 की है। यहां के रहने वाले मनोज कुमार मिश्र ने 6 साल पहले लव मैरिज की थी। पड़ोसियों के अनुसार, पहले दो साल तक तो सब कुछ ठीक-ठाक था लेकिन फिर विवाद शुरू हो गया। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता था। मनोज कुमार मिश्र एक दवा कंपनी में MR यानी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। पीड़ित मनोज के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10:30 बजे घर में किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ। पत्नी ने उनके साथ मारपीट की। गुस्से में आकर मनोज ने पहले घर में बर्तन फेंके। फिर खुद पर आग लगा ली। परिजन दौड़े पहुंचे। किसी तरह आग बुझाई और गंभीर हालत में उनको लेकर अस्पताल पहुंचे।
वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रात करीब 11:10 बजे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर्स के अनुसार, युवक का शरीर काफी झुलस चुका है। फिलहाल खतरे से बाहर है।
पीड़ित के अनुसार, पत्नी मारती थी तो कई बार वह पुलिस के पास भी शिकायत लेकर गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जबकि पत्नी शिकायत लेकर थाने पहुंचती तो हल्का दरोगा पवन भारद्वाज उसको फोन कर अभद्रता करता था। वह उससे मकान खाली करने का भी दबाव बना रहा था।

पहले भी कर चुका है आत्महत्या की कोशिश

परिजनों के अनुसार, मनोज इससे पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया- पारिवारिक विवाद के चलते युवक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की सूचना मिली है। युवक का इलाज चल रहा है। पत्नी की ओर से पहले भी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *