बदायूॅं जनमत। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाइवे पर शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। वजीरगंज थाना क्षेत्र में बिजली घर के पास एक ऑटो ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना रात करीब 9.30 बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार भूपसिंह (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भूपसिंह को तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।भूपसिंह कादरनगर गांव के निवासी थे और पेशे से राजमिस्त्री थे। वह वजीरगंज कस्बे में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। पुलिस की सूचना पर परिजन रोते-बिलखते सीएचसी पहुंचे। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ऑटो चालक और वाहन की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।


