बदायूं में 22.38 लाख की सड़कें-नालियों का पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। नगर में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है, पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों की खास बात यह है कि इनमें किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समेत सभी समुदायों के क्षेत्रों में समान रूप से सड़कों, गलियों, नालियों, सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने 22 लाख 38 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीसी सड़कों और नाली निर्माण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम शहर के दो प्रमुख वार्डों वार्ड संख्या 10 और वार्ड संख्या 24 में आयोजित किया गया। जहां लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव की शिकायतें सामने आ रही थीं। वार्ड संख्या 10 के अंतर्गत मछली बाजार क्षेत्र में शराफत सब्जी वाले की दुकान से लेकर अनीस भाई की दुकान तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना पर लगभग 6 लाख 45 हजार रुपये की लागत आएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में बरसात के समय जलभराव की समस्या अत्यधिक गंभीर हो जाती थी। अब सीसी सड़क और पक्की नाली बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। वार्ड वासियों ने पालिकाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि पहली बार उनके क्षेत्र में इस तरह की योजनाबद्ध तरीके से काम हो रहा है।
इधर, वार्ड संख्या 24 में नत्थू के मकान से प्रीतम की पुलिया तक सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया। सीसी सड़क में 15 लाख 93 हजार रुपये है।
पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि उनका उद्देश्य शहर के प्रत्येक नागरिक को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और हर वार्ड में समान रूप से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पालिका की टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और आने वाले समय में और भी कई कार्य किये जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि नगर के विभिन्न हिस्सों में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से हो रहे इन कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर सभासद मोहम्मद नईम, नवैद, मोहम्मद रफीक, नईम, शफी अहमद, मोहम्मद मियां, अन्नू बेगम, शाहिद खान, शबाना, शाफिया, दानिश, बब्लू, मिंटू, नईम, बच्चन समेत कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी और गजेन्द्र शाक्य आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *