बदायूॅं जनमत। जरीफनगर थाना क्षेत्र में खेत में टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आकर गांव अंबियापुर निवासी किसान हरज्ञान (40 वर्ष) की मौत हो गई। वह बुधवार की सुबह खेत में पानी लगाने गए थे। पाइप बिछाते समय बिजली के तार से पैर छू जाने से हादसा हो गया।
हरज्ञान के भाई राजाराम ने बताया कि गेहूं की बोआई चल रही है। भाई हरज्ञान सुबह में खेत पर गए थे। वह खेत में पानी लगाने के लिए पाइप बिछा रहे थे। उनको पता नहीं था कि खेत में बिजली लाइन का तार टूटा पड़ा है। अचानक उनका पैर तार पर पड़ गया। करंट लगने से भाई की मौके पर ही मौत हो गई। चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बिजली निगम के अधिकारियों को फोन करके लाइन बंद कराई।
इसके बाद परिवार के लोगों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन व गांव के तमाम लोग खेत पर पहुंच गए। किसान की मौत से हाहाकार मच गया। थानाध्यक्ष सुमित शर्मा का कहना है कि शिकायती पत्र मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

