बदायूं की इस नगर पालिका में 10 हजार की रिश्वत लेते ड्राफ्टमैन गिरफ्तार, एंटी करप्शन की टीम ने की कार्रवाई

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण) की टीम ने बुधवार को नगर पालिका सहसवान के ड्राफ्टमैन अंसार हुसैन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उसने सभासद सिब्तेन से नक्शा पास कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सिविल लाइंस थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। टीम उससे पूछताछ कर रही है। बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सहसवान नगर पालिका के सभासद सिब्तेन ने बताया कि उसे मकान का नक्शा पास कराना था। इसके लिए वह नगर पालिका के ड्राफ्टमैन अंसार हुसैन से मिला। आरोप है कि ड्राफ्टमैन ने उनसे 10 हजार रुपये की मांग कर दी। कहा कि रुपये नहीं दोगे तो नक्शा पास नहीं होगा। उन्होंने इसकी शिकायत एंटी करप्शन बरेली की टीम से की। भ्रष्टाचार निवारण टीम के सीओ यशपाल सिंह के निर्देश पर ट्रैप टीम प्रभारी प्रवीण सान्याल अपने साथियों के साथ बुधवार को सहसवान नगर पालिका पहुंचे। सभासद पालिका परिसर में पहले से ही मौजूद थे। तय सौदे के तहत उन्होंने दस हजार रुपये ड्राफ्टमैन को दिए। इसी बीच टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण की टीम उसे सिविल लाइंस थाने ले गई। ट्रैप टीम प्रभारी प्रवीण सान्याल की तहरीर पर पुलिस ने सहसवान के पठान टोला निवासी ड्राफ्टमैन अंसार हुसैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *