बदायूं में पक्षियों का शिकार करने वाले तीन शिकारी गिरफ्तार, थैले में मिले 16 मृत पक्षी

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। पक्षियों का शिकार करने के आरोप में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 16 मृत पक्षी बरामद किए गए हैं। इन पक्षियों को मारने के बाद भोजन बनाने की तैयारी थी। पशु प्रेमी की सूचना पर डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को दबोच लिया। बरामद मृत पक्षी आईवीआरआई बरेली भेजे गए हैं।
वन दरोगा अशोक कुमार ने बताया कि पशु प्रेमी दीपेश दिवाकर ने सूचना दी थी। बताया था कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंडी समिति के सामने से पुलिस ने तीन शिकारियों को पकड़ा है। उनके पास एक थैले में मृत पक्षी मिले हैं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और थैले से 16 मृत पक्षी अपने कब्जे में लिए। इनमें दो नीलकंठ, 10 कौवे या कोयल और चार बगुले शामिल थे। इन पक्षियों के पंख नोंच दिए गए थे और केवल मांस बचा था। आरोपियों के पास से मछली पकड़ने के कांटे और चूहे मारने की दो खटका मशीनें भी मिली हैं।

गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ के रहने वाले हैं आरोपी…

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम पता गाजियाबाद के थाना दानशाही के गांव बझेड़ा निवासी विकास, गौतमबुद्धनगर जिले के गांव छलौन निवासी विक्रम, हापुड़ जिले के गांव हैदरनगर नागौल निवासी अम्मू बताया है। आरोपियों ने बताया कि उनके साथ एक महिला शिकारी थी जो कुछ देर पहले ही चली गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला शिकारी की तलाश पुलिस कर रही है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *