बदायूॅं जनमत। अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा म्याऊं में बुधवार को एक युवक को डंपर चालक से क्षतिग्रस्त बोर्ड का हर्जाना मांगना महंगा पड़ गया। चालक युवक को बहला-फुसलाकर डंपर में बैठाकर 25 किलोमीटर दूर बदायूं ले गया और वहां मंडी समिति के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर डंपर चालक को पकड़ लिया है।
घटना म्याऊं उसहैत रोड की है। कस्बा निवासी कल्लू सक्सेना का एक ट्रक बजरपुर आया था। इसी स्थान पर अंसारी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान का लोहे का बोर्ड लगा था, जिसे डंपर UP32BT1632 ने क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं खड़े म्याऊं निवासी मुनेश पाल पुत्र नत्थू लाल ने डंपर चालक से क्षतिग्रस्त बोर्ड को ठीक कराने के लिए कहा। इस पर डंपर चालक आमिर पुत्र नईम निवासी रामपुर ने मुनेश पाल को आगे चलकर पैसे देने की बात कहकर अपने डंपर में बैठा लिया। चालक ने मुनेश पाल को रास्ते में कहीं नहीं उतारा और सीधे बदायूं लेकर चला गया। बदायूं में मंडी समिति के पास चालक ने मुनेश पाल को छोड़ दिया।
मुनेश पाल ने वहां से छूटने के बाद तुरंत फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर चालक को पकड़ लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मुनेश पाल ने अलापुर पुलिस को तहरीर देकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

