बदायूॅं जनमत। बारात आने से पहले एक युवती प्रेमी के साथ फरार हो गई। कल बुधवार को उसकी बारात आनी थी। युवती के पिता का कहना है कि बेटी घर से अपने साथ जेवरात भी समेट ले गई। उनकी तहरीर पर पुलिस ने युवती के प्रेमी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
मामला उझानी कस्बे का बताया जा रहा है। पीड़ित ने बताया उन्होंने अपनी बेटी की शादी तय कर दी है। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। बुधवार को बारात आनी है, लेकिन 18 अप्रैल तड़के करीब चार बजे बेटी घर से लापता हो गई। इसकी भनक लगते ही युवती के परिजन उस युवक के घर पहुंचे, जिसके साथ उसके होने का शक था। वह भी अपने घर पर नहीं मिला। आरोपी युवक के परिवार के लोग भी सामने नहीं आए। दोनों एक ही जाति के हैं।
युवती के परिजनों ने अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा का वास्ता देकर युवती को वापस कर दिए जाने की गुहार भी लगाई, लेकिन आरोपियों पर कोई असर नहीं पड़ा। लापता युवती के चाचा ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी शादी के लिए जुटाए गए जेवरात भी अपने साथ ले गई है। पुलिस ने युवती के प्रेमी आशीष, उसके भाई मनीष और अभिषेक, पिता दयाराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

