शाहजहांपुर जनमत। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ, लखनऊ की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व एवं सहयोग से जनपद शाहजहांपुर में आयोजित की गई। बैठक में आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों की समस्याओं, उनके अधिकारों, संगठन की मजबूती तथा भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संगठन की जिला इकाई शाहजहांपुर का चुनाव संपन्न हुआ तथा तथा एक सप्ताह में होगा संगठन का विस्तार नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि संगठन आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ने का काम करता है। संगठन के निरंतर संघर्ष का ही परिणाम है कि मई 2025 में छंटनी के दौरान हटाए गए कर्मचारियों की वापसी के संबंध में पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन से निर्देश जारी कराने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है। सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर अपने हक और सम्मान की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़नी चाहिए। प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसकी एकता और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। कर्मचारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर संगठन के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एकजुटता के बल पर ही कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है। वहीं मध्यांचल उपाध्यक्ष मुकेश कठैरिया ने कर्मचारियों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को प्रत्येक जनपद में मजबूत बनाने और अधिक से अधिक कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता है। इस दौरान जिला इकाई शाहजहांपुर का चुनाव सर्वसम्मति से निर्विरोध संपन्न हुआ। इसमें आकाश कुमार मिश्रा को जिलाध्यक्ष, अनुराग कुमार श्रीवास्तव को जिला महामंत्री तथा अजय यादव, विरेश कुमार एवं योगेन्द्र शर्मा को जिला उपाध्यक्ष चुना गया। संगठन के संस्थापक के.डी. मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा संगठन के प्रति निष्ठा रखते हुए कर्मचारी हितों में पूरी ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में बदायूं के जिलाध्यक्ष ठाकुर धीरेंद्र कुमार सिंह गौतम एवं बरेली के जिलाध्यक्ष रिंकू श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी जनपदों में जिला इकाइयों का गठन, कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और आपसी समन्वय बनाए रखना आवश्यक है। बैठक में शाहजहांपुर जनपद के बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने संगठन की एकता, मजबूती और आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

