बदायूॅं जनमत। गृह कलेश के चलते घर से धेवती और बेटी समेत लापता हुई महिला का शव तीसरे दिन गंगा नदी से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने मां-बेटी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, महिला का शव घटनास्थल से सात किलोमीटर दूर गंगा नदी से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बता दें कि उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नगला शिंभू निवासी वीरेंद्र की बेटी शीला की शादी एटा जनपद के राजा के रामपुर से हुई थी। उसके एक रिया नाम की दो साल की बेटी भी थी। शीला पति से मनमुटाव हो जाने के कारण अपने मायके में रह रही थी। गुरुवार को शीला और उसके पति के बीच फोन पर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उर्मिला बेटी शीला और धेवती रिया के साथ लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन तीनों का कोई पता नहीं चला।
शुक्रवार को ग्रामीणों को गांव के निकट बह रही गंगा नदी के किनारे चप्पलें और दुपट्टा पड़ा मिला। जिसके बाद आशंका जताई गई कि तीनों ने गंगा नदी में छलांग लगाई है। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने गोताखोर और एसडीआरएफ की मदद से गंगा में तलाश शुरू की। दो दिन लगातार तलाश की गई। तलाश का दायरा बढ़ाते हुए भरकस प्रयास किए गये।
आज रविवार को नगला शिंभू गांव से करीब सात किलोमीटर दूर गांव किन्नर नगला के पास उर्मिला (45 वर्ष) का शव बरामद हुआ। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उर्मिला का शव बरामद हुआ है। शीला और रिया का शव अभी बरामद नहीं हुआ है। उनकी भी तलाश जारी है। इस संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


