बदायूॅं जनमत। कादरचौक थाना क्षेत्र के रमजानपुर में इन दिनों हजरत गूंगे शाह बाबा का मेला चल रहा है। मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पुलिस चौकी भी बनाई गई है। एक युवक ने मेला चौकी पुलिस पर मारपीट करने और उससे 60 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे फर्जी मुकदमे भी फंसाने की भी धमकी दी है। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने और पैसे दिलाने की गुहार लगा है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भमुईया निवासी मुसर्रफ पुत्र मुकर्रम ने एसएसपी डॉ बृजेश कुमार को एक शिकायती पत्र दिया है। शिकायत में कहा गया है कि एक फरवरी को वह अपने भाई नबी मोहम्मद के साथ रमजानपुर मेले में बहन की शादी के लिए दहेज का सामान लेने गया था। इसी दौरान मेले में कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो गया था। झगड़े की सूचना पर सिपाही कपिल व सचिन आए और गाली गलौज व मारपीट करने लगे। पीड़ित ने जब मारपीट का विरोध किया तो उसे मेला पुलिस चौकी ले गए। आरोप है कि पुलिस वालों ने उसे चौकी में बंद करके पीटा, इसके बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान जेब में रखे 60 हजार रुपये निकाल लिए साथ ही किसी को कुछ बताने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कहकर धमकाने लगे।
काफी देर बाद युवक के परिजन भी मेला पुलिस चौकी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस वालों से अपने बेटे के बारे में पूछा तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। बहुत देर तक उन्हें गुमराह किया गया। परिजनों ने बताया कि अपने बेटे को मेला चौकी से निकाल कर वह कादरचौक थाने सिपाहियों की शिकायत करने पहुंचे। लेकिन वहां पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई और भगा दिया गया। परेशान होकर युवक ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और 60 हजार रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर किया बाइक का चालान
पीड़ित मुसर्रफ ने बताया कि उसकी बाइक पर धार्मिक स्टीकर लगे थे। पुलिस द्वारा इसका विरोध किया गया। जिसको लेकर उसने चालान करने की बात कही थी। लेकिन पुलिस वाले उसे पीटते रहे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उसका चालान काटा है। साथ ही ऊपर शिकायत करने पर NDPS जैसे गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।


