बदायूं में जलपरी प्रदर्शनी की शिकायत; मछलियों की मौत पर पशु प्रेमी ने की कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शहर के रामलीला ग्राउंड में लगी एकता विकास प्रदर्शनी में अंडरवाटर फिश टनल (जलपरी) कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो रही है। एक पशु प्रेमी ने इसकी शिकायत उत्तर प्रदेश पुलिस से की है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए सदर कोतवाली पुलिस को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदर्शनी में खिलौने, साज-सज्जा और कपड़ों की दुकानों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए गए हैं। भीड़ आकर्षित करने के लिए ‘जलपरी’ कार्यक्रम को मुख्य आकर्षण के तौर पर प्रस्तुत किया गया है। इस कार्यक्रम में युवतियां मछली का कॉस्ट्यूम पहनकर वॉटर टनल में तैरकर करतब दिखाती हैं। इस दौरान अश्लील इशारेबाजी का दौर भी चलता है। वॉटर टनल में मछलियां भी छोड़ी गई हैं, जिनकी लगातार मौत हो रही है।
पशु प्रेमी विकेन्द्र शर्मा ने मछलियों के मरने का वीडियो पुलिस अधिकारियों के साथ साझा किया है और इसे जीवों के प्रति क्रूरता बताया है। पशु प्रेमी के अनुसार, टनल का पानी बेहद गंदा हो गया है और उसमें से दुर्गंध आ रही है, जिसके कारण मछलियां मर रही हैं।
अधिकारियों ने सदर कोतवाली को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पशु प्रेमी ने यह भी कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो संबंधित शो संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी जाएगी, ताकि बेजुबान जीवों की जान बचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *